
भारी बारिश से कुएं के आसपास धंसी जमीन, बना गहरा गड्ढा; हादसे का खतरा बढ़ा
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
साफ पानी का संकट भी गहराया, ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की मांग की
बभनी। सोनभद्र जिले के बभनी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घघरी के सहगोड़ा टोला में लगातार हो रही भारी बारिश से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश के कारण एक ग्रामीण के घर के पास स्थित कुएं के आसपास की कच्ची जमीन अचानक धंस गई, जिससे मौके पर बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया है। जमीन धंसने से कुएं के आसपास की स्थिति बेहद खतरनाक हो गई है और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
सहगोड़ा टोला निवासी बुजुर्ग मुन्नी लाल पुत्र बिफन के मकान के पास यह कुआं स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार लगातार बारिश के चलते कुएं के आसपास की मिट्टी कमजोर होकर धंस गई। इससे कुएं के चारों ओर गहरा गड्ढा बन गया है। खुले और खतरनाक गड्ढे के कारण आसपास रहने वाले लोगों के साथ ही छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
कुएं में जा रहा बारिश का गंदा पानी
कुएं का पक्का निर्माण और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का गंदा पानी सीधे कुएं में पहुंच रहा है। इससे कुएं का पानी दूषित होने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यही कुआं आसपास के परिवारों के लिए पीने के पानी का प्रमुख साधन है और उनके पास फिलहाल स्वच्छ पेयजल का कोई दूसरा समुचित इंतजाम नहीं है। ऐसे में दूषित पानी के इस्तेमाल से लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
पहले भी हो चुका है हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी इसी कुएं की सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण एक बुजुर्ग व्यक्ति कुएं में गिर गए थे। हालांकि उस समय ग्रामीणों की तत्परता से उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया था। इसके बावजूद कुएं की सुरक्षा और आसपास की जमीन को सुरक्षित करने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर कुएं के आसपास धंसी जमीन को सुरक्षित कराया जाए, गहरे गड्ढे की घेराबंदी कराई जाए तथा कुएं का पक्का निर्माण कराया जाए। साथ ही ग्रामीणों को तत्काल स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी अप्रिय घटना के साथ-साथ जलजनित बीमारी का खतरा भी टाला जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो बच्चों या राहगीरों के साथ गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की उम्मीद है।