• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
पाइपलाइन के लिए खोदा गड्ढा बना हादसे का कारण, बाक्साइट लदा ट्रक फंसा

पाइपलाइन के लिए खोदा गड्ढा बना हादसे का कारण, बाक्साइट लदा ट्रक फंसा


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

म्योरपुर। सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में बाक्साइट लदा एक ट्रक फंस गया। हादसा आश्रम मोड़ के पास हुआ। ट्रक के एक ओर झुक जाने से कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। गनीमत रही कि ट्रक पलटा नहीं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, बाक्साइट लदा ट्रक अंबिकापुर से रेणुकूट की ओर जा रहा था। आश्रम मोड़ के पास पहुंचते ही सड़क किनारे बारिश के पानी और कीचड़ से भरे गड्ढे में ट्रक का एक पहिया चला गया। पहिया धंसने के बाद ट्रक का पिछला हिस्सा भी कीचड़ में फंस गया और वाहन एक तरफ बुरी तरह झुक गया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और ट्रक के पलटने की आशंका बन गई।

बताया जा रहा है कि इसी स्थान पर ‘हर घर जल’ योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे गड्ढा खोदा गया था। पाइपलाइन का कार्य पूरा होने के बाद गड्ढे को पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से नहीं भरा गया। बारिश होने के कारण गड्ढे में पानी और कीचड़ भर गया, जिससे वह वाहन चालकों के लिए खतरे का कारण बन गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों को मानकों के अनुरूप भरकर समतल नहीं किया जा रहा है। बारिश के दौरान ऐसे गड्ढों में पानी भर जाने से वे दिखाई नहीं देते और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों को तत्काल भरवाने और कार्यदायी संस्था की लापरवाही की जांच कराने की मांग की है।

ट्रक के गड्ढे में फंसने से मार्ग पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला गया। समय रहते ट्रक के पलटने से बच जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .