
मिशन शक्ति अभियान के तहत 24 घंटे में युवती बरामद, आरोपी गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जुगैल थाना पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा गुमशुदा एवं पीड़िताओं की सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में जुगैल पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की।
बताया गया कि 24 अगस्त को ग्राम गोठानी निवासी राधेश्याम भारती ने जुगैल थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 20 अगस्त की रात करीब एक बजे गांव का ही कन्हैया लाल भारती उनकी करीब 20 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित कर युवती की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से सुराग जुटाते हुए लगातार दबिश और तलाश अभियान चलाया। पुलिस की तत्परता के चलते युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया तथा मामले में आरोपी कन्हैया लाल भारती को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।