• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
जर्जर विद्युत पोल और तार बने हादसे का सबब, ऐलाही गांव में बाल-बाल बचे ग्रामीण 

जर्जर विद्युत पोल और तार बने हादसे का सबब, ऐलाही गांव में बाल-बाल बचे ग्रामीण 


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

 

सोनभद्र। पसही विद्युत उपकेंद्र से संचालित विभिन्न फीडरों पर जर्जर विद्युत पोल और तार ग्रामीणों के लिए खतरे का सबब बने हुए हैं। आए दिन पोल और तार टूटकर गिरने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। गुरुवार को रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के पसही विद्युत उपकेंद्र के केकराही फीडर अंतर्गत ऐलाही गांव के समीप विद्युत तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया। तार गिरते ही ट्रांसफार्मर में तेज आवाज हुई और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

गनीमत रही कि जिस समय तार टूटकर गिरा, उस स्थान पर कोई ग्रामीण अथवा पशु मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत उपकेंद्र को सूचना देकर लाइनमैन को मौके पर बुलाया।

ग्रामीणों के अनुसार, विद्युत लाइन के आसपास पेड़-पौधों की शाखाएं भी तारों से टकरा रही थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं सहयोग करते हुए आसपास के पेड़-पौधों की कटाई कराई, जर्जर पोल को सीधा कराया और टूटे तार को दोबारा जोड़वाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई।

ऐलाही गांव निवासी भगवान प्रसाद, रोहित, श्रीराम और गणेश सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में विद्युत पोल और तार काफी पुराने एवं जर्जर हो चुके हैं। कई स्थानों पर तार ढीले होकर नीचे लटक रहे हैं, जबकि पोल भी क्षतिग्रस्त हालत में खड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय कर्मचारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि केकराही फीडर सहित पसही उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में जर्जर पोल और तारों का शीघ्र सर्वे कराकर उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी गंभीर दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीणों ने चेताया कि समय रहते विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .