
रिहंद डैम में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, 24 घंटे बाद भी नहीं हो सकी पहचान
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
बीजपुर, सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र के डोडहर गांव में मंगलवार दोपहर रिहंद डैम के चितई पहाड़ी के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने डैम के बीच एक टीले पर पेड़ में फंसा शव देखा, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
ग्रामीणों ने नाव की मदद से शव को बाहर निकाला और तत्काल घटना की सूचना बीजपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बाद में शव को धन्वंतरि चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
घटना के 24 घंटे बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के जनपदों के साथ ही मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों के थानों से भी संपर्क कर रही है। पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।
शुरुआत में ग्रामीणों को आशंका थी कि रिहंद डैम में मिला शव मध्य प्रदेश के किसी लापता व्यक्ति का हो सकता है। हालांकि, जिस व्यक्ति से इस शव को जोड़कर आशंका जताई जा रही थी, उसका शव बाद में उसके गृह जनपद में ही बरामद हो गया। इसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि रिहंद डैम में मिला शव किसी अन्य व्यक्ति का है।
पुलिस अब मृतक की पहचान के साथ-साथ उसके डैम तक पहुंचने और मौत के कारणों की भी जांच कर रही है। शव की शिनाख्त होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।