
1090 चौराहा बना विरोध का केंद्र, UGC और आरक्षण नीति पर उठी समानता की आवाज
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
लखनऊ। राजधानी के 1090 चौराहे पर रविवार को सवर्ण समाज के लोगों ने UGC और वर्तमान आरक्षण व्यवस्था के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में “सवर्णों का अधूरा न्याय” लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकाला, चक्का जाम किया और अपनी मांगों को बुलंद आवाज में रखा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देश में अवसर और अधिकार जाति नहीं, बल्कि आर्थिक स्थिति के आधार पर तय होने चाहिए। उनका कहना था कि गरीब चाहे किसी भी समाज का हो, उसे समान अवसर और समान अधिकार मिलना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान सरकार से UGC से जुड़े प्रावधानों पर पुनर्विचार करने और आरक्षण व्यवस्था में समानता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी वर्ग का विरोध नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था की मांग करना है जिसमें हर जरूरतमंद को न्याय मिल सके।
1090 चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम संपन्न हुआ।