
भोजपुर पहाड़ी में मुख्य मार्ग पर जलभराव से हादसा, गड्ढे में गिरा बाइक सवार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मीरजापुर। पहाड़ी विकासखंड के भोजपुर पहाड़ी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर जलभराव और गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। बुधवार को चेदुली निवासी हरिमोहन नानूपुर से लौट रहे थे। बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा होने से उन्हें गड्ढे का अंदाजा नहीं हुआ और उनकी बाइक अचानक गड्ढे में जा गिरी। हादसे में हरिमोहन घायल हो गए।
गड्ढे में गिरने के बाद हरिमोहन मदद के लिए चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकले और किसी तरह उन्हें गड्ढे से बाहर निकाला। हादसे में उनकी मोटरसाइकिल भी पानी में डूब गई, जिससे उसमें पानी भर जाने के कारण बाइक खराब हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग, खासकर स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे का अंतर दिखाई नहीं देता, जिसके चलते बाइक सवार और अन्य वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से सड़क की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं कराई जा रही है। भरपुरा से पहाड़ तक का यह मार्ग क्षेत्र की महत्वपूर्ण मुख्य सड़क है। इसी मार्ग से बड़ी संख्या में लोग चंडिका देवी मंदिर सहित आसपास के धार्मिक एवं प्रमुख स्थलों तक आवागमन करते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क के गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए तथा मार्ग की मरम्मत कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।