• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
कनहर बांध में बढ़ा जलस्तर, पहली बार एक साथ खुले 14 फाटक

कनहर बांध में बढ़ा जलस्तर, पहली बार एक साथ खुले 14 फाटक


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

11 घंटे में करीब 88 हजार क्यूसेक पानी कनहर नदी में छोड़ा गया, जलस्तर घटने पर अधिकांश फाटक किए गए बंद

सोनभद्र। दुद्धी तहसील क्षेत्र में स्थित कनहर बांध में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिंचाई विभाग ने बुधवार को बांध के 16 में से 14 फाटक खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी। बांध का जलस्तर 263.1 मीटर तक पहुंचने के बाद अतिरिक्त पानी निकालने का निर्णय लिया गया। बुधवार सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक करीब 88 हजार क्यूसेक पानी कनहर नदी में छोड़ा गया।

बताया गया कि अगस्त माह में छत्तीसगढ़ और झारखंड के कैचमेंट एरिया में हुई अच्छी बारिश के कारण कनहर बांध में लगातार पानी की आवक बनी हुई थी। जलस्तर तेजी से बढ़ने और बांध पर अतिरिक्त दबाव की स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बुधवार सुबह 14 फाटक खोल दिए। बांध के इतिहास में यह पहला मौका है, जब एक साथ 14 फाटक खोले गए। इससे पहले जलस्तर बढ़ने की स्थिति में अधिकतम तीन फाटक खोलकर पानी की निकासी की जाती रही है।

अधिकारियों के मुताबिक फाटक खोले जाने के बाद कनहर नदी में तेजी से पानी छोड़ा गया, जिससे नदी का जलप्रवाह बढ़ गया। विभाग की टीम ने बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी बनाए रखी। जलस्तर में कमी आने के बाद आवश्यकता के अनुसार अधिकांश फाटकों को बंद कर दिया गया।

कनहर बांध के अधिशासी अभियंता नंदलाल यादव ने बताया कि बुधवार सुबह बांध का जलस्तर 263.1 मीटर तक पहुंच गया था। लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए सुरक्षा और जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए 14 फाटक खोले गए। पानी की निकासी के बाद जलस्तर में कमी आने लगी, जिसके बाद फाटकों को आवश्यकता के अनुसार बंद किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बांध क्षेत्र में पानी की आवक और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। कैचमेंट एरिया में बारिश की स्थिति के आधार पर आगे भी फाटकों के संचालन का निर्णय लिया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .