
तेज बारिश में कच्चा खपड़ैल मकान ढहा, परिवार के सामने रहने का संकट
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
घोरावल। सोनभद्र जिले के घोरावल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भरकना में बुधवार सुबह तेज बारिश के चलते कैलाश बिन्द का कच्चा खपड़ैल मकान अचानक ढह गया। मकान गिरने से परिवार के सामने सिर छिपाने के साथ ही गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य मकान के अंदर नहीं थे, जिसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में सुबह से ही लगातार तेज बारिश हो रही थी। बारिश के पानी के कारण मिट्टी से बनी मकान की दीवारें पूरी तरह कमजोर हो गई थीं। इसी दौरान दीवारों ने अचानक भार सहन करना बंद कर दिया और पूरा कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा। मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का सामान भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की मदद में जुट गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाने तथा सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में परिवार का सहयोग किया।
पीड़ित कैलाश बिन्द ने बताया कि मकान गिर जाने के बाद परिवार के सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। बरसात के मौसम में खुले आसमान के नीचे रहना बेहद मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर क्षति का आकलन कराने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा परिवार को सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी तहसील एवं जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बारिश के इस मौसम में परिवार को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।