
खेत के कमरे का ताला तोड़कर समरसेबल सहित 90 हजार का सामान चोरी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
लगातार हो रही चोरियों से किसानों में बढ़ी चिंता, पुलिस से कार्रवाई की मांग
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के इमलीपुर फुलवारी गांव में चोरों ने एक किसान के खेत में बने कमरे का ताला तोड़कर समरसेबल पंप सहित हजारों रुपये के कृषि उपकरण पार कर दिए। घटना बीती रात की बताई जा रही है। चोरी की जानकारी होने के बाद क्षेत्र के किसानों में हड़कंप मच गया।
इमलीपुर फुलवारी गांव निवासी किसान आनंद कुमार पुत्र ठाकुर प्रसाद के अनुसार, चोर खेत पर बने कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखा समरसेबल पंप, स्टेबलाइजर, स्टार्टर, रस्सी और केबल समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। किसान ने चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 80 से 90 हजार रुपये बताई है।
सुबह खेत पर पहुंचने पर कमरे का ताला टूटा देखकर किसान को चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर 112 नंबर की टीम और हल्का इंचार्ज चंद्रभान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
किसान का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से खेतों और कृषि उपकरणों की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इस तरह की दर्जनों वारदातें हो चुकी हैं, जिससे किसानों में अपनी फसलों और सिंचाई उपकरणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
किसानों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने के साथ ही पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा कर चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं हल्का इंचार्ज चंद्रभान ने बताया कि किसान की ओर से तहरीर प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी