
ट्रक-बाइक की भीषण टक्कर, तीन युवक घायल; हादसे के बाद बाइक में लगी आग
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
बभनी। थाना क्षेत्र के नधिरा गांव के समीप रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और कुछ ही देर बाद उसमें आग लग गई। हालांकि, बाइक सवार तीनों युवक समय रहते सड़क किनारे जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक छत्तीसगढ़ की ओर से रेणुकूट की तरफ जा रहा था। इसी दौरान म्योरपुर से अपने घर नधिरा लौट रहे बाइक सवार युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क के किनारे जा गिरे, जबकि उनकी बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। कुछ ही क्षण बाद बाइक में आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में नधिरा गांव निवासी अर्जुन (19) पुत्र वंशरूप, गोलू (17) पुत्र रामकुमार और पप्पू (18) पुत्र लालता प्रसाद घायल हुए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए और तत्काल प्रयास कर बाइक में लगी आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारण रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।