
मवेशी को बचाने में अनियंत्रित हुई बाइक, हादसे में दंपती समेत चार घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
म्योरपुर। म्योरपुर थाना क्षेत्र के बलियरी गांव में गुरुवार शाम मवेशी को बचाने के प्रयास में एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दंपती, उनका तीन वर्षीय मासूम बेटा और एक अन्य महिला घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मासूम समेत एक महिला की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
छठी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे
जानकारी के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के घघरी गांव निवासी धर्मेंद्र सोनी (30) अपनी पत्नी प्रियंका (28), तीन वर्षीय बेटे मोहन और संगीता (40) के साथ बलियरी गांव में रिश्तेदार के यहां आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद चारों एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
अचानक सामने आ गया मवेशी
बताया गया कि म्योरपुर-लिलासी मार्ग पर शाम करीब सात बजे बाइक जैसे ही बलियरी गांव के पास पहुंची, तभी अचानक सड़क पर एक मवेशी सामने आ गया। मवेशी को बचाने के प्रयास में बाइक सवार ने नियंत्रण खो दिया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में धर्मेंद्र, उनकी पत्नी प्रियंका, तीन वर्षीय मोहन और संगीता घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सीएचसी म्योरपुर में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। मासूम मोहन और संगीता की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद परिजनों में चिंता और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा।