
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर सोनभद्र में अभियान का शुभारंभ, 9.18 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को सोनभद्र में कृमिनाशक दवा वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने जिला मुख्यालय स्थित छपका के एक निजी विद्यालय में छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अभियान के तहत जिले में 1 से 19 वर्ष तक की आयु के करीब 9.18 लाख बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचकर बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा उपलब्ध करा रही हैं।
सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बच्चों को दवा खिलाने से पहले यह सुनिश्चित किया गया कि उन्होंने नाश्ता कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को निर्देश दिया गया है कि बच्चों को दवा निर्धारित तरीके से खिलाई जाए और अभियान के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चों के शरीर में कृमि संक्रमण होने से उनके स्वास्थ्य और शारीरिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में समय-समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन कराना आवश्यक है। अभियान का उद्देश्य बच्चों और किशोरों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं विकास को सुनिश्चित करना है।
अभियान के सफल संचालन के लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। विभाग की टीमें अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचकर उन्हें कृमिनाशक दवा खिलाने का कार्य कर रही हैं।