
पानी से भरी बाल्टी में गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसे में पानी से भरी बाल्टी में गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मासूम की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव निवासी राजेश का डेढ़ वर्षीय पुत्र रुद्रांश रविवार शाम घर के आंगन में खेल रहा था। उस समय उसके पिता किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। वहीं, रुद्रांश का बड़ा भाई और बहन भी घर के बाहर खेल रहे थे, जबकि उसकी मां गाय को चारा देने के लिए बाहर गई थी।
बताया गया कि इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम आंगन में रखी पानी से भरी बाल्टी के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। कुछ देर बाद परिजनों की नजर बाल्टी की ओर गई तो मासूम को उसमें गिरा देख परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची रामपुर बरकोनिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
डेढ़ वर्षीय मासूम की अचानक हुई मौत से गांव में भी शोक की लहर है। घटना ने एक बार फिर घर में छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।