
दिवंगत बसपा नेता एवं विधायक उमाशंकर सिंह को दी गई श्रद्धांजलि, संघर्ष और जनसेवा को किया याद
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
ओबरा। सोनभद्र के ओबरा तहसील क्षेत्र अंतर्गत बिल्ली मारकुंडी ग्राम सभा के टोला खैरटिया में रविवार को दिवंगत बहुजन समाज पार्टी (बसपा) नेता एवं विधायक उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में बसपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि उमाशंकर सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में संघर्ष, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी। उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखते हुए समाज के वंचित, गरीब और जरूरतमंद वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य किया। उनके निधन से पार्टी के साथ-साथ क्षेत्र और समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश कुमार ने कहा कि स्वर्गीय उमाशंकर सिंह गरीबों, जरूरतमंदों और बेटियों के हितैषी थे। उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की मदद और उनके अधिकारों के लिए कार्य किया। उनके सेवा भाव, संघर्ष और समर्पण को समाज लंबे समय तक याद रखेगा। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह का जीवन सामाजिक सेवा और जनहित के लिए समर्पित रहा।
वहीं, बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला महासचिव संजय कनौजिया ने खैरटिया सेक्टर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय उमाशंकर सिंह को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ ही समाज के दबे-कुचले और जरूरतमंद लोगों के हित में लगातार आवाज उठाई। उनका संघर्ष और विचारधारा कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सभी ने उनके अधूरे सामाजिक कार्यों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।