
सोनभद्र: धान की रोपाई के दौरान किसान को कोबरा ने डंसा, झाड़-फूंक में दो घंटे गंवाने से बिगड़ी हालत, जिला अस्पताल रेफर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में बुधवार दोपहर एक किसान को जहरीले कोबरा सांप ने डंस लिया। सर्पदंश के बाद परिजनों ने पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया, जिससे करीब दो घंटे का बहुमूल्य समय नष्ट हो गया। इस दौरान शरीर में जहर तेजी से फैलने लगा और किसान की हालत गंभीर हो गई। बाद में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, किरबिल गांव निवासी अनिरुद्ध प्रसाद (55 वर्ष) पुत्र घूरहू बुधवार दोपहर करीब तीन बजे अपने खेत में धान की क्यारी में काम कर रहे थे। इसी दौरान क्यारी में छिपे एक विषैले कोबरा ने उनके हाथ में डंस लिया। अनिरुद्ध प्रसाद गांव के पूर्व प्रधान बच्चेलाल प्रजापति के बड़े भाई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सर्पदंश के बावजूद अनिरुद्ध प्रसाद हिम्मत जुटाकर स्वयं मोटरसाइकिल चलाते हुए झाड़-फूंक कराने चले गए। लेकिन अंधविश्वास के कारण उपचार में हुई देरी उनके लिए भारी पड़ गई। लगभग दो घंटे तक झाड़-फूंक चलती रही, जबकि इस दौरान जहर का असर लगातार बढ़ता गया और उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी म्योरपुर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।
चिकित्सकों का कहना है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास के बजाय मरीज को बिना समय गंवाए नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर एंटी-स्नेक वेनम (एएसवी) उपचार मिलने से अधिकांश मरीजों की जान बचाई जा सकती है।