• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
सोनभद्र: म्योरपुर में अनियंत्रित होकर खेत में घुसी स्कूली वैन, आधा दर्जन बच्चे घायल, बड़ा हादसा टला 

सोनभद्र: म्योरपुर में अनियंत्रित होकर खेत में घुसी स्कूली वैन, आधा दर्जन बच्चे घायल, बड़ा हादसा टला 


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरते हुए खेत में जा घुसी। इस हादसे में वैन में सवार करीब एक दर्जन बच्चों में से आधा दर्जन बच्चों को हल्की चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि वैन पलटी नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। सभी घायल बच्चों का निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया, जिसके बाद उन्हें सकुशल उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना लिलासी-सागोबांध मार्ग पर कुदरी गांव के समीप हुई। स्कूली वैन लिलासी स्थित एक इंग्लिश मीडियम स्कूल की थी, जो छुट्टी के बाद बच्चों को उनके गांव पूर्वी देवहार छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से उतरकर खेत में चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक के नशे में होने की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन भी तत्काल मौके पर पहुंचा। घायल बच्चों को निजी अस्पताल ले जाकर उनका उपचार कराया गया तथा सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वैन तथा चालक को चौकी ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .