
सोनभद्र: तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन गंभीर घायल, दो जिला अस्पताल रेफर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बभनी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवाटोला महुआ दोहर निवासी अवधेश (23), राजपती (45) और बिगनी देवी (70) मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पोखरा गांव के समीप पीछे से तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। बभनी पुलिस ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बभनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों को देखते हुए राजपती और बिगनी देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अवधेश का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।