
घायल, बचाने पहुंचे भतीजे को भी नहीं बख्शा
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
दुद्धी (सोनभद्र), 26 जुलाई 2026। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बिडर गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जंगल से लौट रही एक महिला पर अचानक बरें (जंगली ततैया) के झुंड ने हमला कर दिया। महिला को बचाने के लिए दौड़े उसके भतीजे को भी बरों ने अपना निशाना बना लिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बिडर गांव निवासी 60 वर्षीय विजयलक्ष्मी पत्नी रविन्द्र पटेल शनिवार शाम अपने घर के पास स्थित जंगल में बकरी चराने गई थीं। शाम को वापस लौटते समय अचानक बरों के एक बड़े झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। बरों के लगातार डंक मारने से वह दर्द से तड़प उठीं और जोर-जोर से चीखने लगीं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद उनका 34 वर्षीय भतीजा दीपनारायण पटेल पुत्र राजेंद्र पटेल उन्हें बचाने के लिए मौके पर दौड़ पड़ा। लेकिन जैसे ही उसने अपनी चाची को बचाने की कोशिश की, बरों के झुंड ने उसे भी घेर लिया और उस पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। किसी तरह दोनों को बरों के हमले से बचाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया। चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन विजयलक्ष्मी की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि दीपनारायण का उपचार सीएचसी में जारी है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल और आसपास के क्षेत्रों में बरों के झुंड अक्सर दिखाई देते हैं, जिससे लोगों को हमेशा खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से ऐसे खतरनाक स्थानों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।