
विंध्याचल के शिवपुर समेत पहाड़ी क्षेत्रों में आदमखोर जानवर की दहशत, वन विभाग पूरी तरह अलर्ट
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मीरजापुर / विंध्याचल।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव एवं आसपास के पहाड़ी इलाकों में कथित आदमखोर जंगली जानवर की मौजूदगी की सूचना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मीरजापुर वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात वन विभाग की टीम ने डीएफओ, एसडीओ, रेंजर, डिप्टी रेंजर एवं बड़ी संख्या में वनकर्मियों के साथ विंध्य पर्वत क्षेत्र के अष्टभुजा, चितवा खोह, डाक बंगला, शिवपुर गांव से सटे जंगल, काली खोह, मैदनी खोह सहित अन्य संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में सघन खोज अभियान चलाया। टीम ने जंगल के विभिन्न हिस्सों में पैदल गश्त कर जानवर के संभावित मूवमेंट का पता लगाने का प्रयास किया।
वन विभाग की टीम लगातार जंगलों में कॉम्बिंग कर रही है और जानवर के पैरों के निशान व अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय जंगल या सुनसान क्षेत्रों में अकेले न जाएं, बच्चों को घर के आसपास ही रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जंगली जानवर के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
वन विभाग का कहना है कि लोगों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। फिलहाल खोज अभियान लगातार जारी है और वन विभाग की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ जंगलों में डटी हुई हैं