
सोनभद्र: रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक फ्लाईओवर निर्माण से बढ़ी लोगों की परेशानी, पूर्व विधायक तीर्थराज ने डीएम से की मुलाकात
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के चलते स्थानीय नागरिकों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विशेषकर बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। आवागमन बाधित होने से आमजन, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, व्यापारियों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर गुरुवार शाम पूर्व विधायक तीर्थराज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर तत्काल समाधान की मांग की।
पूर्व विधायक तीर्थराज ने जिलाधिकारी को बताया कि बिना समुचित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था किए फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जिसका खामियाजा हजारों लोगों को रोजाना भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक बंद होने के कारण छात्र-छात्राओं को मात्र 500 मीटर की दूरी तय करने के लिए लगभग 10 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और आर्थिक संसाधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चालक किसी तरह वैकल्पिक रास्तों से निकल जाते हैं, लेकिन चार पहिया वाहनों के लिए स्थिति बेहद कठिन है। बरसात के दौरान कीचड़ और जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल छोड़ने आने वाले अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार छोटे बच्चों को पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा को भी खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण विकास के लिए आवश्यक है, लेकिन जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक प्रशासन को सुगम और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराना चाहिए। लोगों ने मांग की कि स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, एंबुलेंस, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से अस्थायी आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया जाए और जल्द से जल्द ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे निर्माण कार्य भी प्रभावित न हो और आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना भी न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच कर संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।