
सोनभद्र में चिट फंड संचालक पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1.42 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले के रेणुकूट क्षेत्र में निवेशकों के साथ कथित धोखाधड़ी करने वाले सीएमबी चिट फंड कंपनी के संचालक के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने आरोपी की लगभग 1.42 करोड़ रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्ति कुर्क कर दी है। यह कार्रवाई आर्थिक अपराधों पर अंकुश लगाने और निवेशकों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भागीरथी मौर्या पुत्र रमापति मौर्या, मूल निवासी मुंहकुचवां (जनपद मिर्जापुर) तथा वर्तमान निवासी मुर्धवा, रेणुकूट (सोनभद्र) के विरुद्ध थाना अनपरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है।
जांच में सामने आया कि भागीरथी मौर्या सीएमबी चिट फंड कंपनी के नाम से लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराता था। बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई कंपनी में जमा की, लेकिन निवेश अवधि पूरी होने के बाद भी उन्हें उनकी धनराशि वापस नहीं मिली। भुगतान की मांग करने पर निवेशकों को लगातार टालमटोल किया गया, जिसके बाद कई पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतों और जांच के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की चल एवं अचल संपत्तियों का विवरण जुटाया गया, जिसके बाद सक्षम न्यायालय के आदेश पर लगभग 1.42 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर ली गई।
पुलिस और प्रशासन ने कहा कि निवेश के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी कंपनी या निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी वैधता, पंजीकरण और विश्वसनीयता की पूरी जांच अवश्य कर लें, ताकि इस प्रकार की ठगी का शिकार होने से बचा जा सके।