
मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर दो सड़क हादसे, बाइक सवार समेत दो घायल, एक की हालत गंभीर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। जिगना थाना क्षेत्र में मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर बुधवार शाम लगातार हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोसीपुर गांव के सामने हुए इन हादसों में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक मूक-बधिर व्यक्ति भी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
पहला हादसा बुधवार शाम लगभग 7:30 बजे हुआ। विंध्याचल थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव निवासी 58 वर्षीय हरीदास बिंद अपनी ससुराल से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गोसीपुर गांव के सामने पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हरीदास बाइक सहित सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरोंई भेजा। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. महेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मंडलीय अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जा रही है और मामले की जांच जारी है।
इसी मार्ग पर कुछ समय बाद दूसरा हादसा भी हुआ, जिसमें एक मूक-बधिर व्यक्ति सड़क पार करते समय वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लगातार हुई इन दो सड़क दुर्घटनाओं के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने तथा तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की। स्थानीय लोगों ने भी इस मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए यातायात सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।