
नरायनपुर में जर्जर सड़क बनी *मुसीबत, भीषण जाम और धूल-गिट्टी से जनजीवन बेहाल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
नरायनपुर, मिर्जापुर। क्षेत्र में जर्जर हो चुकी सड़क लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
पुलिस चौकी नरायनपुर से शेरपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति के चलते प्रतिदिन भीषण जाम लग रहा है। चिलचिलाती धूप में घंटों फंसे रहने को मजबूर राहगीर और वाहन चालक प्रशासन एवं संबंधित विभाग की उदासीनता पर नाराजगी जता रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व निर्मित सड़क अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मार्ग पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। हालत यह है कि कई बार स्थानीय पुलिस को घंटों मशक्कत कर यातायात व्यवस्था बहाल करनी पड़ती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के नाम पर विभाग केवल गड्ढों में मिट्टी और गिट्टी डालकर खानापूर्ति कर रहा है। बरसात और भारी वाहनों के दबाव से यह अस्थायी मरम्मत कुछ ही दिनों में बेअसर हो जाती है, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है।
सड़क पर उड़ रही धूल से बाजार क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं गड्ढों में डाली गई गिट्टियां वाहनों के पहियों से उछलकर राहगीरों और दुकानों तक पहुंच रही हैं, जिससे कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। धूल के कारण लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों राकेश सिंह, अनिल सिंह, केशरी सिंह, आनंद सिंह, कमलेश यादव, शशांक सिंह, मनोज गुप्ता, शिव जायसवाल सहित अनेक लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क की स्थिति सुधारने तथा जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके।