
पेट्रोल पंप पर विवाद के बाद मारपीट, छह के खिलाफ मुकदमा; चार गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पेट्रोल भरवाने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ बलवा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
गौरव फिलिंग स्टेशन के संचालक राज गौरव यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार देर रात करीब 11 बजे वह अपने भाई सर्वजीत यादव के साथ पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। इसी दौरान बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी निवासी अखिलेश गुप्ता अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे। उस समय क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिसके चलते नोजलमैन ने बिजली आने के बाद पेट्रोल देने की बात कही।
कुछ देर बाद बिजली आने पर बाइक में 100 रुपये का पेट्रोल डाला गया। आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के बाद अखिलेश गुप्ता नोजलमैन से किसी बात को लेकर उलझ गए और कहासुनी करने लगे। पंप कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और उन्हें वहां से भेज दिया।
तहरीर के अनुसार, कुछ समय बाद अखिलेश गुप्ता अपने कई साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों एवं संचालकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई लोगों को चोटें आईं।
सूचना मिलने पर म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, गाली-गलौज और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।