
आंधी में छत से गिरी किशोरी गंभीर, सर्पदंश से महिला की हालत नाजुक
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के संवरा गांव में रविवार देर शाम आई आंधी और बारिश के दौरान एक किशोरी छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, संवरा गांव निवासी गोवर्धन की 17 वर्षीय पुत्री उदमनिया आंधी शुरू होने पर छत पर सूख रहे कपड़े समेटने गई थी। इसी दौरान तेज हवा के झोंके से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 15 फीट नीचे गिर गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल उसे म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
वहीं, म्योरपुर थाना क्षेत्र के खैराही गांव में रविवार शाम सर्पदंश की घटना में एक महिला की हालत गंभीर हो गई। बताया गया कि सुमन (18) पत्नी अमृतलाल घर के बाहर जलावन के लिए लकड़ी निकाल रही थीं। इसी दौरान लकड़ियों के बीच छिपे एक जहरीले सर्प ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी, जिस पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बदल रहे मौसम और बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने तथा आंधी-तूफान के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों और छतों पर न जाने की अपील की है।