
रॉबर्ट्सगंज में चला “बाबा का बुलडोजर”, फ्लाईओवर के नीचे हटे तीन दर्जन से अधिक अवैध कब्जे
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “बाबा का बुलडोजर” चलाया। पुलिस बल की मौजूदगी में फ्लाईओवर के नीचे वर्षों से जमे तीन दर्जन से अधिक ठेले, गुमटी और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नगर पालिका प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे फैले अवैध कब्जों को हटाकर मार्ग को खाली कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से लंबे समय से जाम और अव्यवस्था की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मुकेश चौधरी ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही थी। सड़क पर अवैध रूप से ठेले और गुमटियां लगाए जाने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।