
आगामी बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई पीस कमेटी एवं धर्मगुरुओं की बैठक-
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
आज दिनांक 24.05.2026 को जनपद में आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में पीस कमेटी एवं धर्मगुरुओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बकरीद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। सभी उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लेंगे तथा स्थानीय स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें भी आयोजित करेंगे। साथ ही नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में न की जाए तथा सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सड़कों पर नमाज अदा न की जाए जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। खुले में मांस अथवा अवशेष न फेंके जाएं, बल्कि उन्हें निर्धारित स्थान पर भूमि में दफन किया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली फेक न्यूज एवं अफवाहों का तत्काल खंडन करने तथा भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी भ्रामक पोस्ट अथवा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित धर्मगुरु एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। उपस्थित धर्मगुरुओं एवं प्रबुद्धजनों ने आश्वस्त किया कि जनपद में पूर्व की भांति आपसी सौहार्द एवं प्रेम के साथ पर्व मनाया जाएगा।