
_सेवानिवृत्त अधिकारी से 19.40 लाख की साइबर ठगी पैसे दोगुने करने का लालच और गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगों ने लगाया चूना_
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
अनपरा, सोनभद्र।
अनपरा तापीय परियोजना के एक सेवानिवृत्त अधिकारी साइबर ठगों के जाल में फंसकर 19 लाख 40 हजार रुपये गंवा बैठे। ठगों ने पहले पैसे दोगुने करने का झांसा दिया और बाद में फर्जी पुलिस कार्रवाई व गिरफ्तारी का भय दिखाकर कई किश्तों में रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा ली। पीड़ित की तहरीर पर अनपरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अनपरा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर औड़ी निवासी सेवानिवृत्त अधिकारी सलीम के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को वित्तीय संस्था से जुड़ा बताते हुए कहा कि सलीम के नाम से एक खाता संचालित है, जिसमें जमा 17 हजार रुपये बढ़कर 19 हजार रुपये हो चुके हैं। ठग ने खाते को सक्रिय कराने और अधिक मुनाफा दिलाने के नाम पर कुछ और धनराशि जमा करने की सलाह दी।
आरोपी ने दावा किया कि थोड़े समय में रकम दो से तीन गुना हो जाएगी। लालच में आकर सलीम ने अलग-अलग किश्तों में 10 से 20 हजार रुपये तक जमा किए। इसके बाद ठगों ने विश्वास में लेकर 2 अप्रैल को 6 लाख रुपये और 9 अप्रैल को 5 लाख रुपये अपने बताए खाते में ट्रांसफर करा लिए।
इसी दौरान साइबर ठगों ने नया खेल शुरू किया। फोन कर बताया गया कि सलीम के आधार कार्ड में गड़बड़ी है और इस वजह से बेंगलुरु पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। गिरफ्तारी से बचाने और मामला “सेटल” कराने के नाम पर उनसे आठ लाख रुपये और जमा करा लिए गए।
जब लगातार पैसे मांगने का सिलसिला बढ़ा और किसी प्रकार का लाभ नहीं मिला तो सलीम को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अनपरा थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है तथा साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, निवेश योजना या पुलिस कार्रवाई के नाम पर मांगी जा रही रकम पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में दें।