
बदहाल सड़क से त्रस्त ग्रामीण: बभनी में दरनखाड़–खैराडीह संपर्क मार्ग बना हादसों का कारण
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र (बभनी): जनपद के बभनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बभनी में दरनखाड़ स्थित कस्तूरबा विद्यालय के बगल से खैराडीह मार्ग को चौना सागोबांध से जोड़ने वाली संपर्क सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। वर्षों से मरम्मत न होने के कारण सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि अब यह मार्ग ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई गिट्टियां दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रही हैं। राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग अत्यंत खतरनाक साबित हो रहा है, जहां अक्सर फिसलकर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह सड़क लगभग 10-15 वर्ष पूर्व बनाई गई थी, लेकिन उसके बाद से आज तक इसकी कोई मरम्मत नहीं कराई गई। लगातार उपेक्षा के चलते अब सड़क अपनी पहचान खोती जा रही है और केवल उखड़ी हुई गिट्टियों का ढेर बनकर रह गई है।
स्थानीय निवासियों ने कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।