
कन्या सुमंगला योजना पर छात्राओं को मिली विस्तृत जानकारी, अदलहाट महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर के अदलहाट स्थित लालता सिंह राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह यादव ने की। यह कार्यक्रम विशेष रूप से स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के लिए आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 12वीं उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को योजना की पात्रता, लाभ और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देना रहा। इस दौरान प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र सिंह यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की यह योजना बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लाभ अधिक से अधिक छात्राओं को उठाना चाहिए।
आईयूपीएसी प्रभारी प्रो. गोमतेश्वर पाल, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अंजू सोनकर, डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. प्रेमलता एवं डॉ. प्रणव कुमार गौरव ने भी छात्राओं को योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और समय-सीमा के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने आवेदन प्रक्रिया से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। अंत में छात्राओं को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे अपनी शिक्षा को आर्थिक सहायता के साथ आगे बढ़ा सकें।