
पागल कुत्ते का आतंक: किसान समेत 6 पशुओं पर हमला, गांव में दहशत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
ड्रमंडगंज (मिर्जापुर)।
लालगंज थाना क्षेत्र के बबुरा भैरोदयाल गांव में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पागल कुत्ते ने ताबड़तोड़ हमला कर किसान सहित छह पशुओं को घायल कर दिया। घटना दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कुत्ते ने सबसे पहले गांव के श्यामनारायण मौर्य, संतोष कुमार मौर्य और दुर्गा प्रसाद मौर्य के दरवाजे पर बंधे तीन बछड़ों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे पशुपालकों ने किसी तरह बछड़ों को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।
इसके बाद कुत्ता और अधिक उग्र हो गया और गांव के ही चंद्रबली चौहान, रज्जू चौहान तथा रामबली चौहान की तीन बकरियों को भी काटकर जख्मी कर दिया। हमले का सिलसिला यहीं नहीं रुका, कुत्ते ने गांव निवासी शिवशंकर यादव उर्फ बुदुल पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। बबुरा भैरोदयाल निवासी बीडीसी प्रतिनिधि जगदीश प्रसाद मौर्य ने बताया कि घायल किसान शिवशंकर यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पागल कुत्ते को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी और अनहोनी से बचा जा सके।