
ठेले से भिड़ी बाइक, ससुर की मौत—दामाद गंभीर घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
रामगढ़ (सोनभद्र):
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के चंदपुरवा गांव के पास कर्मनाशा कट नहर पर शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भूसा लादकर आ रहे ठेले से बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार 58 वर्षीय कांता चेरो की मौत हो गई, जबकि उनके दामाद नंदलाल चेरो (35) गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पन्नूगंज थाना क्षेत्र के सिलहट गांव निवासी कांता चेरो अपने दामाद नंदलाल चेरो के साथ बाइक से किरहुलिया बैरियर की ओर जा रहे थे। रात करीब 8 बजे चंदपुरवा गांव के पास सामने से आ रहे ठेले से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर कांता चेरो को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। वहीं नंदलाल चेरो का इलाज जारी है।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। सूचना पर पहुंची पन्नूगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।