
भीषण सड़क हादसा: आमने-सामने टकराए दो ट्रक, आग में जिंदा जले दोनों चालक
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र।
हाथीनाला थाना क्षेत्र के भुतहिया पुलिया के पास शनिवार की शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने से आ रहे दो ट्रकों की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयंकर था कि दोनों ट्रकों के चालक केबिन में ही फंस गए और बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों चालक जिंदा जल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और टक्कर के तुरंत बाद ही आग भड़क उठी। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण कोई भी केबिन तक नहीं पहुंच सका। कुछ ही देर में दोनों ट्रक धू-धू कर जलने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी के निर्देश पर हिंडाल्को और अल्ट्राटेक कंपनी के अग्निशमन दल को तत्काल बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों चालकों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी।
हादसे के चलते हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला। बाद में जले हुए ट्रकों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया।
फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि दोनों चालकों के परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।