
तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, भतीजा गंभीर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
पड़री (मिर्जापुर):
थाना क्षेत्र के बरजी मुकुंदपुर स्थित पानी की टंकी के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कम्हारी गांव निवासी कन्हैया लाल मौर्य (55) अपने भतीजे धर्मेंद्र मौर्य (26) के साथ मंगलवार शाम मड़िहान के कलवारी नवादा में अपनी बहन के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे पड़री थाना क्षेत्र के बरजी मुकुंदपुर पानी टंकी के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजन दोनों घायलों को मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कन्हैया लाल मौर्य को मृत घोषित कर दिया।
वहीं धर्मेंद्र मौर्य की हालत गंभीर देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष पड़री राम नगीना यादव ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। फरार कार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।