
कर अपवंचन व फर्जी आईटीसी रैकेट के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
कर अपवंचन, फर्जी फर्मों के संचालन एवं इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के दुरुपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा गठित एसआईटी टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार (जीएसटी एसआईटी टीम नोडल) के दिशा-निर्देशन में एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में की गई।थाना रॉबर्ट्सगंज पर पंजीकृत मुकदमा धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 से संबंधित वांछित अभियुक्त आसिफ अली पुत्र रुस्तम अली निवासी डाला बाजार मेन मार्केट पतरही थाना चोपन जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 26 वर्ष को दिनांक 02.04.2026 को करीब 04:30 बजे वैष्णो देवी माता मंदिर डाला के सामने से गिरफ्तार किया गया।जांच के दौरान पाया गया कि अभियुक्त द्वारा विभिन्न फर्मों के माध्यम से अलग-अलग वित्तीय वर्षों में लगभग (सत्तर लाख रुपये) की बोगस आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) अपने दाखिल विवरण में दर्शाई गई, जबकि वास्तविक लेन-देन का कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। अभियुक्त द्वारा अपनी फर्म डीके एसोसिएट के माध्यम से बिना वास्तविक खरीद-बिक्री के कूटरचित प्रपत्रों के आधार पर फर्जी आईटीसी पास ऑन की गई तथा सरकारी कर (जी एस टी) का भुगतान न कर सरकारी धन का गबन किया गया।फर्म द्वारा किसी भी प्रकार के वैध टैक्स इनवॉइस, बिल्टी, ई-वे बिल आदि प्रपत्र प्रस्तुत नहीं किए गए, जिससे स्पष्ट होता है कि संपूर्ण लेन-देन फर्जी था। एस आई टी टीम द्वारा की गई गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण एवं डेटा मॉनिटरिंग के आधार पर अभियुक्त को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया गया।अभियुक्त के कब्जे से 02 मोबाइल फोन
01 फाइल (फर्जी दस्तावेज सहित) 01 मारुति कार,26,450 रुपए नगद बरामद किया गया।
अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए अग्रिम विवेचना प्रचलित है।