
रामनवमी शोभायात्रा मार्ग की बदहाली पर भड़का जनाक्रोश, जल्द मरम्मत की मांग तेज
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो: कमलेश पाण्डेय
📞 8382048247
मीरजापुर। विंध्याचल क्षेत्र के विजयपुर में प्रस्तावित रामनवमी शोभायात्रा मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग उठाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 मार्च 2026 को जिलाधिकारी के निर्देश पर पुरानी बाजार विजयपुर स्थित राम-राम चौक से जुड़े मार्ग एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था। हालांकि, कई दिन बीत जाने के बावजूद कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे मार्ग की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण मार्ग लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। 18 मार्च को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी इस समस्या के समाधान के लिए गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
विशेष चिंता का विषय यह है कि आगामी रामनवमी पर्व पर भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा इसी मार्ग से प्रस्तावित है, जिसमें आसपास के कई गांवों से भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। ऐसे में मार्ग की बदहाल स्थिति सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रामनवमी से पूर्व मार्ग की मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।