• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ 9वां राष्ट्रीय पोषण माह शुरू

हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ 9वां राष्ट्रीय पोषण माह शुरू


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

09 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, पोषण के साथ बाल विकास और मातृ स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष जोर

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

*सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय की सहभागिता से होंगे जन-जागरूकता कार्यक्रम*

 

जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि प्रधानमंत्री जी के विजन ‘सुपोषित भारत’ (कुपोषण मुक्त भारत) को साकार करने के उद्देश्य से जनपद सोनभद्र में 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर, 2026 तक मनाया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह का मुख्य फोकस ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों को पोषण, देखभाल, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़ी सामुदायिक गतिविधियों के प्रमुख केन्द्र के रूप में विकसित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि पोषण अभियान एक बहु-विभागीय कन्वर्जेन्स आधारित जन-आंदोलन है, जिसमें प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनभागीदारी एवं सामुदायिक सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस वर्ष भी जनपद में निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान मुख्य रूप से आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन विषयों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा पका भोजन बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, सामुदायिक सहभागिता तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों के प्रति सामुदायिक स्वामित्व की भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य एवं पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे नकद हस्तांतरण से संबंधित जानकारी भी जनसामान्य तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत ईसीसीई (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा), मोटापा नियंत्रण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ सहित अन्य विषयों पर भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा समुदाय के सहयोग से बच्चों एवं महिलाओं को पोषण संबंधी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह को केवल विभागीय कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए, ताकि प्रत्येक परिवार तक पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास का संदेश पहुंच सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। जनपद सोनभद्र में 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभागों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं समुदाय की सहभागिता से समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्वस्थ, सुपोषित एवं सशक्त परिवार तथा बेहतर बाल विकास की दिशा में सामुदायिक सहभागिता को और मजबूत करना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .