
सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, कार-टेंपो की आमने-सामने टक्कर में तीन की मौत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
12 वर्षीय बच्चे और महिला समेत तीन लोगों की गई जान, विजयादशमी का मेला देखने जा रहे थे टेंपो सवार
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बभनी थाना क्षेत्र के रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा जंगल के मोड़ के पास कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो सवार 12 वर्षीय बच्चे और 23 वर्षीय महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विजयादशमी का मेला देखने जा रहे थे टेंपो सवार
जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार लोग धरतीडाड़ से किरविल में आयोजित विजयादशमी का मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान नधिरा जंगल के मोड़ पर सामने से आ रही कार से टेंपो की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर जा रही थी।
बच्चे और महिला की मौत, चालक ने रास्ते में तोड़ा दम
इस दर्दनाक हादसे में नधिरा निवासी 12 वर्षीय अंकुश पुत्र रामकुमार और 23 वर्षीय राजकुमारी पत्नी उदय खरवार की मौत हो गई। दोनों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक सुनील ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही दुर्घटना में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल है।