• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
सोनभद्र में गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र में गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

पांच किलो 400 ग्राम गांजा बरामद, चारों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में दर्ज मिले 16 आपराधिक मामले

सोनभद्र। जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज और आसपास के क्षेत्रों में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पांच किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का गिरोह वर्ष 2017 से सक्रिय है। चारों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर बुधवार तड़के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने परासी पांडेय में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरडीहा निवासी विशाल उर्फ मोनू, कामेश्वर उर्फ बबलू शर्मा, निपराज निवासी चंदन कुमार तथा बढ़ौली पानी टंकी के पास रहने वाले सुरेश कुमार भारती के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें गिरोह की गतिविधियों से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिलने की बात कही गई है।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस के मुताबिक, विशाल उर्फ मोनू के खिलाफ वर्ष 2021 से अब तक आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, कामेश्वर उर्फ बबलू शर्मा के खिलाफ वर्ष 2020 से अब तक चार मामले दर्ज पाए गए हैं। चंदन कुमार के खिलाफ भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वहीं, सुरेश कुमार भारती को वर्ष 2017 में ढाई किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, बुधवार को उसे दोबारा गांजा बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किया गया। इस तरह चारों आरोपियों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन जानकारियों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .