
मुर्गे के पीछे दौड़ी किशोरी, धान की क्यारी में बैठे जहरीले सांप पर पड़ा पैर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
जड़ी-बूटी से इलाज के बाद बिगड़ी हालत, सीएचसी म्योरपुर से जिला अस्पताल रेफर
बभनी। थाना क्षेत्र के रंदह गांव के साकसोती टोला में मंगलवार शाम जहरीले सांप के काटने से 15 वर्षीय किशोरी की हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रंदह गांव के साकसोती टोला निवासी रामबिचार की 15 वर्षीय बेटी सुनीता मंगलवार शाम करीब चार बजे घर के पास काम कर रही थी। इसी दौरान एक जंगली बिल्ली मुर्गे को पकड़कर भागने लगी। सुनीता मुर्गे को बचाने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़ी। इसी दौरान धान की क्यारी में बैठे एक जहरीले सांप पर उसका पैर पड़ गया। सांप ने किशोरी के पैर में डस लिया।
सांप के काटने के बाद सुनीता घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे तत्काल एक स्थानीय वैद्य के पास ले गए, जहां काटे गए स्थान पर जड़ी-बूटी लगाकर उपचार किया गया। इसके बावजूद कुछ देर बाद किशोरी की हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गई।
परिजन मंगलवार शाम करीब सात बजे उसे सीएचसी म्योरपुर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. मयंक आदर्श ने किशोरी का उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने और सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।