
मीरजापुर: वृद्ध महिला की मौत और घर में चोरी की सूचना पर पुलिस ने की जांच, पोस्टमार्टम में स्वाभाविक मृत्यु की पुष्टि
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
घर में जबरन प्रवेश के नहीं मिले साक्ष्य, कथित चोरी के कुछ आभूषण व नकदी भी घर से बरामद
मीरजापुर। थाना अदलहाट क्षेत्र के ग्राम विक्सी में एक वृद्ध महिला की मृत्यु और घर से आभूषण एवं नकदी चोरी होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना अदलहाट पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और विभिन्न पहलुओं पर जांच-पड़ताल की।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मलुई पत्नी स्वर्गीय नगई प्रसाद, निवासी ग्राम विक्सी, थाना अदलहाट, जनपद मीरजापुर, उम्र करीब 65 वर्ष के रूप में हुई है।
मौके पर जांच के दौरान घर में जबरन प्रवेश किए जाने के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले। घर का प्रवेश द्वार भी सुरक्षित पाया गया। पुलिस ने मृतका के कमरे तक पहुंचने वाले रास्ते और गैलरी का निरीक्षण किया, जो काफी संकरी पाई गई। बताया गया कि कथित घटना के समय मृतका के दोनों नाती उसी गैलरी में सो रहे थे। ऐसी स्थिति में बच्चों को पार किए बिना मृतका के कमरे तक पहुंचना संभव नहीं था।
पुलिस ने दोनों बच्चों से भी पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बच्चों ने किसी प्रकार के शोर-शराबे, जबरन घर में प्रवेश करने या किसी संदिग्ध आवाज सुनने की जानकारी नहीं दी।
वहीं, कथित रूप से चोरी हुए आभूषणों की जांच में मृतका के कान और पैरों के आभूषण सुरक्षित पाए गए। इसके अतिरिक्त चोरी से संबंधित बताए गए कुछ नकदी रुपये और एक अंगूठी भी घर के अंदर से बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु स्वाभाविक होना बताया गया है। घटनास्थल के निरीक्षण, परिजनों एवं बच्चों से पूछताछ तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हत्या अथवा जबरन चोरी किए जाने की पुष्टि करने वाले तथ्य नहीं मिले। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में लगाए गए आरोपों को असत्य पाया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना की पुष्टि नहीं हुई है और ग्राम विक्सी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।