
मारकुंडी ग्राम पंचायत में सीडीओ का औचक निरीक्षण, अभिलेखों की जांच के साथ साफ-सफाई व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
रॉबर्ट्सगंज। विकासखंड रॉबर्ट्सगंज की ग्राम पंचायत मारकुंडी में शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण ने विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों में हलचल मच गई।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का मौके पर जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने विकास कार्यों से संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच की। सीडीओ ने संबंधित कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी लेते हुए अभिलेखों को व्यवस्थित और अद्यतन रखने तथा विकास कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीडीओ एवं जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सचिवालय की व्यवस्थाओं के साथ-साथ परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी देखी। निरीक्षण के दौरान सचिवालय परिसर में गंदगी पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई।
सीडीओ ने ग्राम पंचायत सचिव एवं सफाई कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पंचायत भवन और उसके आसपास के परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवालय ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, इसलिए यहां स्वच्छता, व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गांव में संचालित सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय किए जाने की भी बात कही।
औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अभिलेखों के बेहतर रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।