• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
फैमिली आईडी निर्माण में लापरवाही पर छह ग्राम सचिवों को नोटिस, बीडीओ ने लगाई फटकार

फैमिली आईडी निर्माण में लापरवाही पर छह ग्राम सचिवों को नोटिस, बीडीओ ने लगाई फटकार


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

मिर्जापुर। पटेहरा कलां विकासखंड के बीडीओ सभागार में मंगलवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सिद्धार्थ मिश्र ने की। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान कई ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर बीडीओ ने संबंधित ग्राम सचिवों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

बैठक में फैमिली आईडी निर्माण कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर छह ग्राम सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बीडीओ ने निर्देशित किया कि फैमिली आईडी बनाने के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।

बीडीओ सिद्धार्थ मिश्र ने वीबी जीरामजी योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में संचालित कार्यों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की मजदूरी समय से उनके बैंक खातों में भेजने के निर्देश दिए गए। बीडीओ ने कहा कि योजना के पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और भुगतान सहित अन्य लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

बैठक में एनआरएलएम योजना के तहत आरएफ-सीआईएफ की प्रगति बढ़ाने, एग्री क्रॉप सर्वे में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने पर भी जोर दिया गया। वहीं, दीपनगर में दो दिनों के भीतर मस्टर्ड ऑयल का उत्पादन शुरू कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बीडीओ ने कहा कि विकासखंड क्षेत्र में संचालित सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। जिन कर्मचारियों द्वारा कार्यों में लापरवाही बरती जाएगी, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी ग्राम सचिवों और संबंधित कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .