
दीपावली पर घोरावल बाजार में लगा भीषण जाम, तीन घंटे तक रेंगते रहे वाहन; राहगीरों को हुई भारी परेशानी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
घोरावल (सोनभद्र)। दीपावली के पावन पर्व पर रविवार को घोरावल बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। शाम करीब चार बजे से सात बजे तक मुख्य बाजार की सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति बनी रही। छोटी-बड़ी गाड़ियों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते बाइक सवारों, पैदल राहगीरों और बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया जाता है कि दीपावली को लेकर दोपहर से ही बाजार में खरीदारों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। शाम होते-होते इलेक्ट्रॉनिक्स, सजावटी झालर, कपड़े, पटाखे, मिठाई तथा माला-फूल की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाजार में खरीदारी करने आए लोगों के चारपहिया वाहन, ऑटो और दोपहिया वाहनों की बढ़ती आवाजाही ने जाम की स्थिति को और गंभीर बना दिया।
हालात ऐसे हो गए कि लोगों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग गया। जाम में फंसे खरीदारी करने आए परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाइक सवार वाहनों के बीच से किसी तरह रास्ता निकालते नजर आए, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पार करने में भी परेशानी हुई।
त्योहार की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह एवं चौकी प्रभारी उदय नारायण पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मियों ने बाजार क्षेत्र में पहुंचकर यातायात को नियंत्रित करने तथा वाहनों को व्यवस्थित ढंग से निकलवाने का प्रयास किया।
दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर बाजार में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर घोरावल बाजार की यातायात व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन की चुनौती को उजागर किया। स्थानीय लोगों का मानना है कि त्योहारों के दौरान बाजार में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, वाहनों के प्रवेश और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की जाए, ताकि व्यापारियों, खरीदारों और राहगीरों को जाम की समस्या से निजात मिल सके।