
चौना जंगल क्षेत्र में अवैध बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा, चालक फरार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान की घेराबंदी; ट्रैक्टर को कार्यालय परिसर में कराया खड़ा, रात में भी कार्रवाई जारी रखने की तैयारी
सोनभद्र। बभनी विकास खंड के चौना क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालू से लदा एक ट्रैक्टर पकड़ लिया। वन विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चौना जंगल क्षेत्र से अवैध रूप से बालू लादकर ट्रैक्टर के जरिए परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने क्षेत्र में गश्त तेज कर दी।
गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर बालू लदे ट्रैक्टर को रोक लिया। हालांकि, टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर विभागीय कार्यालय परिसर में खड़ा करा दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान बीट इंचार्ज एवं अनुभाग प्रभारी अभिषेक गुप्ता और किशन मौर्य सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही। ट्रैक्टर पकड़े जाने की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन में लगे लोगों में हलचल मची हुई है।
वन क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश चौबे ने बताया कि क्षेत्र में लगातार अवैध बालू खनन एवं परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने गश्त बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि जंगल क्षेत्र में अवैध खनन और बालू के परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर रात के समय भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।