
खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी से म्योरपुर बाजार में मचा हड़कंप, कई दुकानों के शटर गिरे
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
मिठाई, खाद्य तेल, मसाले समेत कई खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने, मौके पर भी हुई गुणवत्ता की प्रारंभिक जांच
म्योरपुर, सोनभद्र। शुक्रवार को म्योरपुर कस्बा बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के पहुंचते ही मिठाई एवं किराना दुकानदारों में हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृति आनंद के नेतृत्व में टीम ने बाजार की कई दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मिठाई की दुकानों पर तैयार मिठाइयों के साथ-साथ किराना दुकानों में बिक्री के लिए रखे खाद्य तेल, मसाले एवं अन्य खाद्य सामग्री की जांच की गई। गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभागीय टीम ने कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। लिए गए नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
टीम द्वारा कुछ खाद्य पदार्थों की मौके पर ही आधुनिक जांच मशीनों के माध्यम से प्रारंभिक जांच भी की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के बाजार में पहुंचने की सूचना फैलते ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। कुछ दुकानदार दुकानें बंद कर गली के रास्ते बाजार से निकलते दिखाई दिए। अचानक कई दुकानों के बंद होने से बाजार में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
कार्रवाई को लेकर बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।