
सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर रुकेगी राजधानी एक्सप्रेस, अब दिल्ली दूर नहीं
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्योरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जिला मुख्यालय सोनभद्र (रॉबर्ट्सगंज) के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब सोनभद्र से दिल्ली दूर नहीं है। नई दिल्ली से चलकर रांची तक जाने वाली गाड़ी संख्या 12453 और 12454 नई दिल्ली-रांची एक्सप्रेस का सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर जल्द ठहराव शुरू होगा। रेलवे बोर्ड के उप निदेशक कोचिंग राजेश कुमार ने 12 सितंबर को इसकी मंजूरी दे दी है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज की तरफ से राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव का समय निर्धारित किया जाएगा।केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से 24 अगस्त को कैबिनेट की बैठक में व्यक्तिगत रूप से मिलकर नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस की आवृत्ति में वृद्धि पर विचार करने का अनुरोध किया था। उन्होंने वर्ष 2021 में पेश प्रस्ताव का हवाला देते हुए बताया था कि सोनभद्र देश का एकमात्र ऐसा जिला है जो चार राज्यों की सीमा से सटा हुआ है। वर्तमान में रांची राजधानी एक्सप्रेस सप्ताह में एक बार चलती है। इसकी आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में तीन बार की जाए और जिला मुख्यालय सोनभद्र और दक्षिण में मुख्य जंक्शन चोपन पर भी ठहराव किया जाए। इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए रेलवे की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया। बताया कि उनके प्रयास से आकांक्षी जनपद सोनभद्र प्रगति के नित नए आयाम की ओर बढ़ रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल ने इस पर खुशी जताते हुए कहा कि जनपद के यात्रियों को राजधानी दिल्ली की यात्रा करने में काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ता था। अब यह मुश्किल दूर होगी।प्लेटफाॅर्म के विस्तारीकरण से अटका था मामला
बता दें कि सोनभद्र रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक का विस्तारीकरण नहीं होने से राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव नहीं हो पा रहा था। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के हस्तक्षेप पर पहले प्लेटफार्म के विस्तारीकरण का काम कराया गया। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की दिशा में पहल किया गया, जिसे रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है।