
24 घंटे के भीतर पन्नूगंज बालक हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र पुलिस ने पन्नूगंज थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालक की निर्मम हत्या के मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी एवं थाना पन्नूगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज घटना का पर्दाफाश किया।
घटना का विवरण
बताया गया कि दिनांक 14 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 8:15 से 8:30 बजे के बीच थाना पन्नूगंज क्षेत्र के कस्बा रामगढ़ में एक बालक की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना पन्नूगंज पुलिस एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान वादी शिवमूरत गुप्ता पुत्र तपेश्वरी, निवासी कस्बा रामगढ़ ने बताया कि उनका नाती आर्यन गुप्ता (12 वर्ष) पुत्र राजू गुप्ता अपने साथी राज चौहान पुत्र विनोद चौहान के साथ खेलकर घर लौट रहा था। उसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपी दिवाकर गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता, निवासी कसारी (पोस्ट रामगढ़, थाना पन्नूगंज) ने दोनों बच्चों को पकड़ लिया और अंधेरे में ले गया। इसके बाद उसने आर्यन गुप्ता की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना पन्नूगंज पर मु0अ0सं0 48/2026 धारा 61(2), 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस व एसओजी की कुल चार टीमें गठित की गईं।
आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिवाकर गुप्ता (20 वर्ष) को 15 मार्च 2026 को दोपहर 1:05 बजे पकरहट नहर पुलिया, राकी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू भी बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में सामने आई वजह
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका वादी पक्ष के साथ मकान के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा उसे मृतक की मां द्वारा जादू-टोना किए जाने की आशंका थी, जिससे परिवार में तनाव बना रहता था। साथ ही लगभग 15 वर्ष पहले उसके भाई की जलकर हुई मृत्यु को लेकर भी उसके मन में यह शंका थी कि वादी पक्ष का इसमें हाथ हो सकता है। इसी रंजिश और संदेह के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
दिवाकर गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता
निवासी – कसारी, थाना पन्नूगंज, जनपद सोनभद्र
उम्र – लगभग 20 वर्ष
बरामदगी
एक अदद आलाकत्ल चाकू
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह, थाना पन्नूगंज
उपनिरीक्षक राजेश जी चौबे, एसओजी व सर्विलांस प्रभारी
हेड कांस्टेबल सुशील सिंह, कांस्टेबल ओमप्रकाश यादव
हेड कांस्टेबल सतीश सिंह पटेल, कांस्टेबल रितेश सिंह पटेल, कांस्टेबल अजीत कुमार, चालक कांस्टेबल अजीत यादव (एसओजी टीम)
सोनभद्र पुलिस ने इस जघन्य घटना का त्वरित खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।