
रॉबर्ट्सगंज में बारिश से धान की फसल बर्बाद मुआवजे का इंतजार, अभी तक नहीं हुआ नुकसान का आकलन
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
रॉबर्ट्सगंज में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में हुई लगातार बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। कटाई के लिए तैयार फसल खेतों में गिर गई और पानी भर जाने के कारण अंकुरित हो गई। इससे अन्नदाता चिंतित हैं।
रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के रौप, पीथा, तीयरा और सहीजन जैसे गांवों में किसानों के चेहरों पर चिंता साफ दिख रही है। खेतों में पानी भरा होने से फसल काटना भी मुश्किल हो रहा है। किसान खेतों से पानी निकालने की मशक्कत कर रहे हैं।
किसान आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि लगभग 400 बीघा खेती पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। दीपावली से पहले कटाई होनी थी और 20 नवंबर तक गेहूं की बुवाई हो जाती, लेकिन खेतों में पानी भरा होने के कारण अभी तक कटाई नहीं हो सकी है।
एक अन्य किसान कैलाश ने बताया कि खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। अब किसानों की उम्मीदें सरकार पर टिकी हैं, लेकिन अभी तक किसी प्रकार का कोई सर्वे नहीं किया गया है, जिससे मुआवजे को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है